जमशेदपुर: शहीद गंगा नारायण सिंह की प्रतिमा स्थापित करने की मांग को लेकर भूमिज समाज ने टाटा स्टील प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को सोनारी स्थित ट्राइबल कल्चर सेंटर के सामने भूमिज समाज के लोगों ने धरना-प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों की मांग है कि ट्राइबल कल्चर सेंटर परिसर में वीर शहीद गंगा नारायण सिंह की प्रतिमा स्थापित की जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को उनके संघर्ष और बलिदान के बारे में जानकारी मिल सके।
भूमिज समाज के लोगों का कहना है कि गंगा नारायण सिंह ने वर्ष 1832-33 में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ ऐतिहासिक भूमिज विद्रोह का नेतृत्व किया था। झारखंड के इतिहास में उनका महत्वपूर्ण स्थान है।
समाज के प्रतिनिधियों के अनुसार, प्रतिमा स्थापित करने की मांग पहले भी टाटा स्टील प्रबंधन के सामने रखी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई।
धरना-प्रदर्शन के दौरान भूमिज समाज ने टाटा स्टील प्रबंधन को 8 दिनों का अल्टीमेटम दिया है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर निर्धारित समय के भीतर प्रतिमा स्थापना को लेकर सकारात्मक पहल नहीं हुई, तो वे टाटा स्टील कंपनी का गेट जाम कर जोरदार आंदोलन करेंगे।
समाज के लोगों ने साफ कहा कि जब तक उनके महानायक को उचित सम्मान नहीं मिलता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

