दुर्गापूजा को देखते हुए जमशेदपुर प्रशासन ने बार और रेस्टोरेंट की जांच तेज कर दी है। मंगलवार रात धालभूम एसडीओ अर्णव मिश्रा के नेतृत्व में कई बार और रेस्टोरेंट में जांच व छापेमारी की गई। इस दौरान आबकारी और अग्निशमन विभाग की टीमें भी मौजूद थीं।
जांच के दौरान अधिकारियों ने लाइसेंस, स्टॉक रजिस्टर, नक्शा और अन्य जरूरी दस्तावेजों के साथ अग्नि-सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच की। कुछ जगहों पर दस्तावेज और व्यवस्थाओं में खामियां मिलीं। संचालकों को इन्हें दुरुस्त करने की चेतावनी दी गई है।
प्रशासन का कहना है कि दुर्गापूजा के दौरान बड़ी संख्या में लोग बार और रेस्टोरेंट पहुंचते हैं, इसलिए सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही नहीं होने दी जाएगी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

