जमशेदपुर बंद का सबसे व्यापक असर शहर के बर्मामाइंस क्षेत्र में देखने को मिला। सुबह से ही यहां के प्रमुख बाजार पूरी तरह बंद रहे। आम दिनों में लोगों और वाहनों की आवाजाही से गुलजार रहने वाली सड़कें वीरान नजर आईं। बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा और अधिकांश व्यापारिक प्रतिष्ठानों ने अपने शटर नहीं खोले।
बंद के आह्वान का असर बर्मामाइंस मेन मार्केट, पोस्ट ऑफिस रोड, स्टेशन रोड और आसपास के व्यावसायिक इलाकों में साफ दिखाई दिया। किराना, कपड़ा, जूता, मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, हार्डवेयर और अन्य दुकानों के शटर पूरे दिन बंद रहे। केवल आवश्यक सेवाओं से जुड़ी कुछ मेडिकल दुकानों और चुनिंदा प्रतिष्ठानों को छोड़ अधिकांश बाजार पूरी तरह ठप रहे।
बंद के दौरान सड़कों पर वाहनों की संख्या भी बेहद कम रही। सार्वजनिक परिवहन पर भी असर देखने को मिला, जबकि कई स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी गई। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की।
शहर में हाल ही में हुई हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में बुलाए गए इस बंद को कई सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संगठनों और स्थानीय लोगों का समर्थन मिला। व्यापारियों का कहना है कि शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर लोगों में आक्रोश है और इसी कारण बंद को व्यापक समर्थन मिला।
दिनभर बर्मामाइंस का पूरा बाजार क्षेत्र शांत दिखाई दिया। आम दिनों की तुलना में चहल-पहल पूरी तरह गायब रही और सड़कों पर इक्का-दुक्का वाहन ही नजर आए। बंद का असर इतना व्यापक था कि पूरे इलाके का जनजीवन सामान्य दिनों की अपेक्षा काफी धीमा पड़ गया।बंद को सफल करने में पूर्व जिला अध्यक्ष रामबाबू तिवारी,वरिष्ठ भाजपा नेता कुलवंत सिंह बंटी,सतवीर सिंह सोमू,मंडल अध्यक्ष रितेश झा,पूर्व मंडल अध्यक्ष दीपक झा,सूरज सिंह,पप्पू सिंह,शशि सिंह एवं सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

