जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के डिमना रोड स्थित एरिक्सन मोबाइल दुकान में एक युवक ने चाकू दिखाकर लूट की कोशिश की। आरोपी ने दुकानदार को डराने के लिए अपने बैग में बम होने की धमकी भी दी।
घटना के दौरान बैग से बम जैसी आवाज आ रही थी, जिससे दुकान में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। लेकिन आसपास के दुकानदारों ने हिम्मत दिखाते हुए युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस की जांच में बैग के अंदर कोई बम नहीं बल्कि एक स्पीकर मिला। बताया गया कि आरोपी मोबाइल से स्पीकर को कनेक्ट कर बम जैसी आवाज चला रहा था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे उसके मकसद की जांच जारी है।

