जमशेदपुर, 2 अक्टूबर: टाटा स्टील के जमशेदपुर प्लांट परिसर में कॉपर केबल चोरी करने की कोशिश को सुरक्षा कर्मियों ने नाकाम कर दिया। घटना प्लांट के स्लैग लाइन स्थित SP-2, जोन-2 इलाके की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सुरक्षा विभाग को संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे। सुरक्षाकर्मियों को देखते ही संदिग्ध व्यक्ति करीब 420 किलो कॉपर केबल मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
सुरक्षा विभाग ने बरामद केबल को अपने कब्जे में ले लिया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1.09 लाख रुपये बताई गई है। घटना के बाद प्लांट के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा और गश्त बढ़ा दी गई है।
मामले की जांच की जा रही है और फरार संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास जारी है।

