जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध बालू के परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में पोटका प्रखंड के कोवाली थाना क्षेत्र में जिला खनन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 500 CFT बालू लदा एक हाइवा जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात जांच के दौरान खनन विभाग की टीम ने हाइवा को रोका। जांच में चालक बालू के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद अधिकारियों ने हाइवा और उसमें लदे बालू को जब्त कर लिया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बालू को ओडिशा की ओर से लाए जाने की बात सामने आई है। मामले को लेकर कोवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस और खनन विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।
प्रशासन का कहना है कि जिले में अवैध खनन, बालू के अवैध परिवहन और बिना दस्तावेज के खनिज ढुलाई के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

