जमशेदपुर के चर्चित डीडी बार (डबल डाउन बार) हत्याकांड की जांच में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। मामले के आरोपी राहुल दुबे से पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चापड़ बरामद कर लिया गया। पुलिस ने बरामद हथियार को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है, ताकि हत्या में उसके इस्तेमाल की पुष्टि की जा सके।
बताया जा रहा है कि राहुल दुबे ने हाल ही में बिष्टुपुर थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण किया था। आत्मसमर्पण के बाद पुलिस ने उससे गहन पूछताछ की, जिसमें उसने हथियार छिपाने की जगह की जानकारी दी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान से चापड़ बरामद कर लिया।
गौरतलब है कि 27 जून की रात बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हिमांशु सिंह पर चापड़ और अन्य धारदार हथियारों से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया था। इस सनसनीखेज वारदात के बाद शहर में हड़कंप मच गया था और पुलिस ने विशेष जांच टीम (SIT) गठित कर लगातार कार्रवाई शुरू की थी।
पुलिस अब इस मामले में गिरफ्तार सभी आरोपियों से पूछताछ कर घटना की पूरी साजिश का खुलासा करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मजबूत चार्जशीट तैयार की जाएगी।

