जमशेदपुर। महालया के पावन अवसर पर शनिवार को जुगसलाई में दुर्गाबाड़ी ट्रस्ट की ओर से पारंपरिक शोभायात्रा निकाली गई। ढाक-बाजे और चंडी पाठ के बीच निकली इस शोभायात्रा में श्रद्धालु पारंपरिक परिधानों में शामिल हुए और मां दुर्गा के आगमन का स्वागत किया।
शोभायात्रा के दौरान महिलाओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रद्धालुओं ने पूरे क्षेत्र का भ्रमण करते हुए मां दुर्गा से अपने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
महालया को मां दुर्गा के आगमन का प्रतीक माना जाता है। इस अवसर पर धार्मिक अनुष्ठानों और पारंपरिक आयोजनों के माध्यम से दुर्गा पूजा की तैयारियों की शुरुआत का माहौल बना।
जुगसलाई दुर्गाबाड़ी ट्रस्ट की इस शोभायात्रा ने क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल बना दिया।

