जमशेदपुर, 14 अक्टूबर। लौहनगरी जमशेदपुर के काशीडीह में इस वर्ष दुर्गा पूजा के अवसर पर अनोखा और भव्य पंडाल तैयार किया गया है। करीब 50 हजार मिट्टी के घड़ों से बने इस पंडाल ने शहरवासियों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। पारंपरिक कला और आकर्षक सजावट से सुसज्जित यह पंडाल श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, पंडाल के निर्माण में तीन अलग-अलग आकार के लगभग 50 हजार मिट्टी के घड़ों का इस्तेमाल किया गया है। इन घड़ों को पश्चिम बंगाल के कोंटाई से मंगवाया गया है। पंडाल को आकर्षक रूप देने के लिए सूखे बांस का भी उपयोग किया गया है। इसके निर्माण पर करीब 30 लाख रुपये खर्च होने की जानकारी सामने आई है।
पंडाल का उद्घाटन मंगलवार, 13 अक्टूबर को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने किया। इस अवसर पर जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, टाटा स्टील के उपाध्यक्ष डीबी सुंदर रमन, क्लब के संरक्षक अभय सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
उद्घाटन के बाद मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की गई। आयोजकों को उम्मीद है कि दुर्गापूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंडाल का दर्शन करने पहुंचेंगे।

