जमशेदपुर। सरायकेला जिले के गोपालपुर निवासी छह वर्षीय बच्चे की MGM मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। बच्चा ब्रेन मलेरिया से पीड़ित था और उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे वेंटिलेटर पर रखा गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बच्चे का इलाज अस्पताल के शिशु रोग विभाग की PICU में चल रहा था। हालत बिगड़ने के बाद 21 अक्टूबर से उसे वेंटिलेटर पर रखा गया था। डॉक्टरों की टीम ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन मंगलवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
अस्पताल के शिशु रोग विभागाध्यक्ष डॉ. के.के. चौधरी के अनुसार, बच्चा ब्रेन मलेरिया से संक्रमित था। उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई थी।
इस घटना के बाद मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों को लेकर एक बार फिर सतर्कता बरतने की जरूरत सामने आई है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह है कि बुखार होने पर लापरवाही न करें और समय पर चिकित्सकीय जाँच कराएँ। मच्छरदानी का इस्तेमाल करें तथा घर के आसपास पानी जमा न होने दें।

