पूर्वी सिंहभूम जिले के हाता में पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान अवैध बालू तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। जांच के दौरान ओडिशा की ओर से आ रहे एक हाइवा को रोककर तलाशी ली गई। जांच में वाहन पर बिना वैध कागजात के बालू लदा मिला, जिसके बाद पुलिस ने हाइवा को जब्त कर लिया।
बताया जा रहा है कि करीब 34 दिनों तक बालू तस्करी बंद रहने के बाद तस्कर फिर से सक्रिय हो गए हैं। पुलिस को इसकी सूचना पहले ही मिल गई थी, जिसके बाद हाता क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान यह कार्रवाई हुई।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बालू किस स्थान से लाई गई थी, इसे कहां पहुंचाया जाना था और इस पूरे अवैध कारोबार के पीछे कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों ने साफ कहा है कि जिले में अवैध बालू तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

