जमशेदपुर में 108 एंबुलेंस सेवा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। ताजा मामले में जरूरत के समय एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने के कारण गंभीर मरीजों के परिजनों को मजबूरी में दूसरे साधनों का सहारा लेना पड़ा।
बोड़ाम के लावजोड़ा गांव की एक महिला को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन पहले स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डिलीवरी की सुविधा नहीं होने पर 108 और 102 एंबुलेंस के लिए फोन किया गया। परिजनों के मुताबिक, उन्हें एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने और तीन से चार घंटे तक इंतजार करने की बात कही गई। आखिरकार परिवार ने निजी गाड़ी की व्यवस्था कर महिला को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया।
वहीं, दलमा क्षेत्र में वज्रपात से घायल हुए दो युवकों को भी समय पर एंबुलेंस नहीं मिल सकी। हालत गंभीर होने पर ग्रामीण दोनों को बाइक से करीब 30 किलोमीटर दूर एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे। रास्ता खराब होने के कारण यह सफर भी काफी जोखिम भरा रहा।
लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों से सवाल उठ रहा है कि आपात स्थिति में गरीब और ग्रामीण मरीजों को समय पर एंबुलेंस नहीं मिली तो उनकी जान कैसे बचेगी? पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन की वेबसाइट पर 108 को एंबुलेंस हेल्पलाइन बताया गया है।
सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल के अनुसार, 108 सेवा रांची से संचालित होती है और खराब एंबुलेंस को ठीक कराया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्य केंद्र के माध्यम से स्थानीय स्तर पर वैकल्पिक वाहन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

