जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के लिट्टी चौक के पास पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 59 किलो गांजा पकड़ा है। पुलिस ने इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है।
बताया गया कि पुलिस इलाके में वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पुलिस ने जांच की तो गांजे की बड़ी खेप बरामद हो गई। मौके से एक बोलेरो, एक मोटरसाइकिल और 3 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों के नशे के अवैध कारोबार से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और जमशेदपुर में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने सभी छह आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि शहर में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

