जमशेदपुर के सदर अस्पताल में 15 साल की एक नाबालिग लड़की ने बच्चे को जन्म दिया। जानकारी के अनुसार, लड़की को 19 अगस्त को प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था और 20 अगस्त को उसने बच्चे को जन्म दिया।
मामला तब सामने आया जब अस्पताल से छुट्टी देने की प्रक्रिया शुरू हुई। अस्पताल प्रबंधन पूरे मामले की जानकारी और लिखित बयान लेना चाहता था। इसी बात को लेकर लड़की के परिजनों ने अस्पताल में हंगामा कर दिया। बाद में एक अधिवक्ता के हस्तक्षेप के बाद लड़की को घर जाने दिया गया।
अस्पताल के अनुसार, लड़की ने कथित तौर पर अपनी बड़ी बहन के नाम पर जांच और इलाज कराया था। आधार कार्ड की जांच और शिकायत मिलने के बाद अस्पताल प्रबंधन को उसकी असली उम्र और पहचान के बारे में जानकारी मिली।
अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. कमलेश प्रसाद ने बताया कि लड़की और उसके परिवार को बुलाकर पूरे मामले में लिखित बयान लिया जाएगा। जांच में गड़बड़ी की पुष्टि होने पर पुलिस को सूचना देकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

