जमशेदपुर में शुक्रवार को राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस के मौके पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
राज्यपाल ने बेहतर काम करने वाले कई बुनकरों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि बुनकर देश की पुरानी कला और परंपरा को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। हस्तकरघा को मजबूत करने के साथ-साथ बुनकरों की कमाई बढ़ाना भी जरूरी है।
उन्होंने बुनकरों को नई तकनीक, बेहतर डिजाइन और ऑनलाइन बाजार से जोड़ने पर जोर दिया। राज्यपाल ने कहा कि अगर स्थानीय हस्तकरघा उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाया जाए तो बुनकरों की आमदनी बढ़ सकती है और युवाओं को भी रोजगार मिलेगा।
कार्यक्रम में झारखंड के तसर रेशम और स्थानीय हस्तकरघा उत्पादों को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई। बुनकरों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने और उनके विकास के लिए जरूरी कदम उठाने की बात कही गई।
कार्यक्रम के दौरान बलराम पात्रो, मंगल पात्रो, अमित मोदक, अनीता मैत्रे और बिलाय तांती को उनके बेहतर कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

