जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत तुरियाबेड़ा में दिनदहाड़े एक महिला से सोने की चेन और कान की बालियां लूट लिए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि महिला अपने घर की ओर जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो अपराधी उसके पास पहुंचे और झपट्टा मारकर गले से सोने की चेन तथा कान की बालियां छीनकर तेज रफ्तार से फरार हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना एमजीएम थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान कर जल्द से जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
इस घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

