जमशेदपुर के भुइयांडीह और कल्याणनगर इलाके में रहने वाले करीब 145 परिवारों पर बेघर होने का खतरा मंडरा रहा है। स्वर्णरेखा नदी किनारे बने इन मकानों को अतिक्रमण मानते हुए जिला प्रशासन ने हटाने की तैयारी शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के आदेश का पालन करते हुए नदी क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।
कार्रवाई से पहले प्रभावित लोगों को नोटिस दिया गया है। इस खबर के सामने आने के बाद इलाके के लोगों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे कई वर्षों से यहां रह रहे हैं और यदि मकान तोड़े जाते हैं तो उनके सामने रहने की बड़ी समस्या खड़ी हो जाएगी। लोगों ने प्रशासन से पहले वैकल्पिक आवास या पुनर्वास की व्यवस्था करने की मांग की है।
वहीं जिला प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत की जाएगी। अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात रहेगा। अब सभी की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

