जमशेदपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर रविवार को जमशेदपुर में भारतीय जनता पार्टी की ओर से विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा की शुरुआत साकची स्थित नेताजी सुभाष मैदान से हुई और यह शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए जमशेदपुर अक्षेस कार्यालय के गोलचक्कर तक पहुंची।
तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता और युवा शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर लोगों ने देशभक्ति के नारे लगाए और राष्ट्र के प्रति एकजुटता का संदेश दिया।
यात्रा में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी, सांसद विद्युत वरण महतो, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू, जमशेदपुर भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिंह समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।
यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर तिरंगे झंडों के साथ लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। भाजपा नेताओं ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत करना है।
जमशेदपुर में भाजपा की तिरंगा यात्रा को लेकर बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी रही, जिससे शहर में देशभक्ति का माहौल नजर आया।

