जमशेदपुर के बोड़ाम थाना क्षेत्र के कोंकाधासा गांव में रविवार शाम बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना करीब शाम 5 बजे की बताई गई है।
घायलों की पहचान 15 वर्षीय दीपक सिंह और 17 वर्षीय फतू सिंह के रूप में हुई है। दोनों तालाब में नहाने गए थे। बारिश शुरू होने के बाद वे कुछ अन्य युवकों के साथ तालाब के पास एक कुसुम के पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान तेज आवाज के साथ वज्रपात हुआ और दीपक व फतू उसकी चपेट में आ गए।
वज्रपात के बाद दोनों किशोर झुलसकर बेहोश हो गए। साथ मौजूद अन्य युवक बाल-बाल बच गए। घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई और परिजनों को सूचना दी गई। करीब दो घंटे बाद दोनों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बताई गई है।
इस घटना के बीच मौसम विभाग ने झारखंड में गरज-चमक और आकाशीय बिजली की संभावना को लेकर भी चेतावनी दी है। ऐसे मौसम में लोगों को पेड़ के नीचे, खुले मैदान और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है।

