जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के सीएच एरिया आर्मी कैंप के पास रविवार देर रात तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार एंजेल गुड़िया (26 वर्ष) की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा केल्विन लकड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना रात करीब एक बजे की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक केल्विन और एंजेल बाइक से घूमने निकले थे। आर्मी कैंप के पास तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस पेट्रोलिंग वाहन की मदद से दोनों को तत्काल टीएमएच पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद एंजेल गुड़िया को मृत घोषित कर दिया। वहीं केल्विन का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
एंजेल गुड़िया मूल रूप से ओडिशा की रहने वाली थीं और जमशेदपुर में रहकर मानगो के एक ब्यूटी पार्लर में काम करती थीं। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

