जमशेदपुर: बर्मामाइंस के चर्चित मोहम्मद आफताब आलम हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। मामले में फरार चल रहे आरोपी शहनवाज उर्फ भोडू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है, ताकि हत्या की साजिश और इसमें शामिल अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी मिल सके।
पुलिस के अनुसार, आफताब आलम की हत्या पूरी योजना के तहत की गई थी। घटना के बाद से ही पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। पहले इस मामले में मोहम्मद समद और कुलसुम बीबी को गिरफ्तार किया गया था। अब शहनवाज उर्फ भोडू की गिरफ्तारी से जांच को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर अन्य फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। जल्द ही इस हत्याकांड में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं। पुलिस घटना में इस्तेमाल हथियार और हत्या की पूरी साजिश का खुलासा करने में जुटी हुई है।
इस मामले को लेकर शहर में काफी चर्चा रही है और पुलिस का कहना है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। जांच पूरी होने के बाद पूरे हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।

