जमशेदपुर: निखार सबलोक हत्याकांड की जांच के बीच पुलिस हिरासत में पूछताछ का सामना कर रहे अशोक सिंह राघव की शनिवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि चांडिल थाना में पूछताछ के दौरान उनकी हालत गंभीर हो गई और उन्हें खून की उल्टियां होने लगीं।
अशोक सिंह से पुलिस पिछले करीब चार दिनों से पूछताछ कर रही थी। तबीयत बिगड़ने के बाद चांडिल पुलिस उन्हें आनन-फानन में जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंची। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उनकी स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए टीएमएच रेफर कर दिया।
इसके बाद अशोक सिंह को टाटा मुख्य अस्पताल यानी टीएमएच की क्रिटिकल केयर यूनिट में भर्ती कराया गया। वहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज और जरूरी जांच चल रही है।
घटना के बाद टीएमएच में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल की तैनाती की गई है। वहीं, हिरासत में पूछताछ के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने के मामले में पुलिस की ओर से अभी तक कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
निखार सबलोक हत्याकांड की जांच के बीच अशोक सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ने से मामले में एक नया मोड़ आ गया है। अब उनकी चिकित्सकीय रिपोर्ट और पुलिस के आधिकारिक बयान से स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

