जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 9.2 किलोग्राम गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 31,360 रुपये नकद, एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तराजू तथा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई
इस मामले की जानकारी गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एमजीएम थाना क्षेत्र में गांजा की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई, जिसमें तीनों तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि सबसे पहले बंको निवासी मतोब महतो उर्फ बुधु महतो के घर छापामारी की गई , जहां से 7.2 किलोग्राम गांजा, 6.400रुपये नगद और एक डिजिटल तराजू बरामद किया गया । पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले से गांजा लाकर स्थानीय स्तर पर उसकी बिक्री करता था।उसने यह भी बताया कि दो अन्य तस्कर गांजा लेने उसके घर आने वाले हैं।सूचना के आधार पर पुलिस ने बेको से छोटाबांकी जाने वाली मार्ग पर वाहन जांच अभियान चलाया और मोटरसाइकिल सवार दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के पास से 2 किलोग्राम गांजा और 24,960 रूपये नकद बरामद किये गए।इस कार्रवाई में कुल 9.2 किलोग्राम गांजा 31,360 रूपये नकद,एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक्स तराजू और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई।

