जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से दर्जन भर से ज्यादा मोबाइल फोन, नकद और गहने बरामद किए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर एक युवक सो रहे मरीज के परिजन की जेब काटने की कोशिश कर रहा था। एक व्यक्ति ने उसे देख लिया और सुरक्षाकर्मियों को सूचना दी। सुरक्षाकर्मियों ने युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पूछताछ में युवक की पहचान सावन देवगम के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, उसकी निशानदेही पर चांडिल और बागुनहातु से उसके चार अन्य साथियों को भी पकड़ा गया। उनके पास से कई चोरी के मोबाइल बरामद हुए।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अस्पताल में सो रहे मरीजों और उनके परिजनों को निशाना बनाते थे और ब्लेड से जेब काटकर मोबाइल व अन्य सामान चोरी करते थे। मामले में पुलिस आगे की जांच और छापेमारी कर रही है।
इससे पहले भी एमजीएम अस्पताल के एनआईसीयू के बाहर मोबाइल और गायनिक वार्ड के पास पर्स चोरी की घटनाएं सामने आई थीं।

