जमशेदपुर पुलिस ने चोरी और छिनतई करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एमजीएम अस्पताल के पास से गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से चोरी और छिनतई के 33 मोबाइल फोन, दो स्कूटी, एक बाइक और आभूषण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी जमशेदपुर के अलग-अलग इलाकों में मोबाइल, पर्स, बाइक, स्कूटी और चेन की चोरी व छिनतई करते थे। पूछताछ के बाद पुलिस ने एमजीएम और सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छह मामलों का खुलासा किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक एमजीएम अस्पताल के पास किसी वारदात को अंजाम देने के लिए जमा हुए हैं। इसके बाद टीम ने घेराबंदी कर पांचों को पकड़ लिया। अब पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी के सामान को खपाने वालों की जानकारी जुटा रही है।

