जमशेदपुर के चर्चित अपराधी अखिलेश सिंह से जुड़े कथित आर्थिक नेटवर्क पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक बार फिर कार्रवाई तेज कर दी है। ईडी की टीम ने हरियाणा के रोहतक स्थित विक्रम उद्योग प्राइवेट लिमिटेड के बीयर बॉटलिंग एवं पैकेजिंग प्लांट में छापेमारी की है। यह कार्रवाई करीब 150 करोड़ रुपये के कथित हवाला लेन-देन और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के सिलसिले में की गई है।
बताया जा रहा है कि ईडी ने पहले ही इस मामले में ईसीआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी। अब एजेंसी बैंक खातों, वित्तीय दस्तावेजों, डिजिटल रिकॉर्ड और कंपनियों के लेन-देन की गहन जांच कर रही है। जांच का दायरा हरियाणा के अलावा पंजाब और छत्तीसगढ़ तक भी फैलाया गया है।
सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि हवाला नेटवर्क के माध्यम से धन का लेन-देन किन लोगों और संस्थाओं तक पहुंचा। यदि जांच में मनी लॉन्ड्रिंग या अवैध संपत्ति से जुड़े ठोस साक्ष्य मिलते हैं तो आगे और बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल ईडी ने इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

