कर्नाटक के बीदर में हुई 93 लाख रुपये की ATM कैश वैन लूट और हत्या के मामले में पुलिस ने जमशेदपुर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी सोनारी के परदेशीपाड़ा इलाके में किराये के मकान में रह रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आलोक कुमार उर्फ अंबानी और अमन सिंह के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से बिहार के वैशाली जिले के रहने वाले बताए गए हैं।
कर्नाटक पुलिस करीब 20 दिनों तक जमशेदपुर में गुप्त तरीके से आरोपियों की तलाश करती रही। पुलिसकर्मियों ने अपनी पहचान छिपाकर इलाके में निगरानी की और सही ठिकाने की जानकारी मिलने के बाद छापेमारी कर दोनों को पकड़ लिया।
बताया गया कि बीदर में ATM में पैसा डालने जा रही कैश वैन को बदमाशों ने निशाना बनाया था। गोलीबारी में कैश कस्टोडियन वेंकटेश की मौत हो गई थी, जबकि एक सुरक्षाकर्मी घायल हुआ था। बदमाश करीब 93 लाख रुपये लेकर फरार हो गए थे।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों के ठिकाने से दो पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, करीब डेढ़ लाख रुपये नकद और कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर लूट की बाकी रकम और उनके दूसरे साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस को शक है कि आरोपियों का संबंध दूसरे राज्यों में हुई कुछ लूट और गोलीबारी की घटनाओं से भी हो सकता है। मामले की जांच अभी जारी है।

