चाकुलिया। पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया वन क्षेत्र अंतर्गत तसरीशोल के पास रिजर्व फॉरेस्ट में साल और चिरौंजी के सैकड़ों पेड़ काटे जाने का मामला सामने आया है। वन विभाग की टीम लगातार दूसरे दिन भी मौके पर पहुंचकर काटे गए पेड़ों के बोटे जब्त कर रही है।
वन विभाग के कर्मचारियों ने जब्त लकड़ियों को ट्रैक्टर के माध्यम से वन विभाग कार्यालय पहुंचाया। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जंगल में कुल कितने पेड़ काटे गए हैं। विभाग इस बात की जांच कर रहा है कि इतनी बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई किसने और किस उद्देश्य से की।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में स्थानीय ग्रामीणों द्वारा सड़क निर्माण के लिए कुछ पेड़ों की कटाई किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, इसकी पूरी पुष्टि जांच के बाद ही होगी। विभाग ने कहा है कि दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर प्रभारी वनपाल संतोषिल घोष, वनरक्षी अनूप बेरा, मुकेश गोराई समेत वन विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

