रांची: झारखंड में माओवादी गतिविधियों की आशंका को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी किया है। खुफिया सूचनाओं के आधार पर पुलिस प्रशासन को सतर्क रहने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का निर्देश दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, माओवादी संगठन नवंबर महीने में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित कर सकता है। इसे देखते हुए 8 से 15 नवंबर तक खूनी क्रांति सप्ताह, 16 से 22 नवंबर तक दमन विरोधी सप्ताह और 24 से 30 नवंबर तक शहीद सप्ताह मनाए जाने की आशंका जताई गई है।
पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP) को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। रेलवे स्टेशन, रेलवे ट्रैक, सरकारी कार्यालय, बैंक, पुलिस थानों, सुरक्षा बलों के कैंप, पुल-पुलिया और कोयला खदानों की सुरक्षा बढ़ाने को कहा गया है।
इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों, हाट-बाजारों और संचार केंद्रों पर भी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। रेलवे पुलिस और सुरक्षा बलों को भी अलर्ट रहने को कहा गया है।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य किसी भी अप्रिय घटना को रोकना और राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।
फिलहाल झारखंड पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और सभी जिलों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी की जा रही है।

