रांची: झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के लिए 22 से 26 सितंबर 2026 तक भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अगले 48 घंटों में डिप्रेशन और उसके बाद गहरे डिप्रेशन में बदल सकता है, जिसका असर झारखंड के मौसम पर पड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक 22 सितंबर को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद 23 सितंबर को रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो और धनबाद समेत कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग ने 24 सितंबर को झारखंड में बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। इस दिन सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, रांची, गुमला और खूंटी में भारी बारिश की संभावना बताई गई है। 25 सितंबर को राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में और 26 सितंबर को भी कुछ इलाकों में बारिश जारी रह सकती है। बारिश के साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं का खतरा भी रहेगा। IMD के अनुसार हवाओं की गति सामान्य तौर पर 30–40 किलोमीटर प्रति घंटे और कुछ स्थानों पर झोंकों के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

