नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद त्रिशूली-3ए जलविद्युत परियोजना की सुरंग में फंसे दो मजदूरों को 9 दिन बाद जिंदा बाहर निकाल लिया गया। इनमें 30 वर्षीय संजय साह और 45 वर्षीय कबीर महारजन शामिल हैं। दोनों सुरंग के अंदर मलबे के बीच फंसे हुए थे।
संजय साह ने बाहर निकलने के बाद बताया कि सुरंग में फंसे रहने के दौरान उन्होंने लगातार ‘हरे कृष्ण’ महामंत्र का जाप किया और उम्मीद बनाए रखी कि उन्हें बचा लिया जाएगा। खास बात यह रही कि दोनों मजदूरों का रेस्क्यू कृष्ण जन्माष्टमी के दिन हुआ।
रेस्क्यू टीम ने कई दिनों की मेहनत के बाद सुरंग में मलबा हटाकर दोनों तक पहुंच बनाई। संजय को पहले बाहर निकाला गया, जबकि कबीर महारजन को इलाज के लिए काठमांडू स्थित नेपाल आर्मी अस्पताल ले जाया गया। सुरंग में अभी भी अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका है और खोज अभियान जारी है।

