झारखंड के गिरिडीह जिले के राजधनवार से बैंक डकैती की बड़ी खबर सामने आई है। यहां स्थित UCO बैंक में पांच हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े डकैती की वारदात को अंजाम दिया। अपराधियों ने बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों को हथियार के बल पर बंधक बनाकर लाखों रुपये नकद और करोड़ों रुपये के सोने के गहने लूट लिए।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 12:44 बजे पांच हथियारबंद अपराधी बैंक में दाखिल हुए। सभी अपराधियों के पास पिस्तौल थी। बैंक में घुसते ही उन्होंने कर्मचारियों और ग्राहकों को अपने कब्जे में ले लिया।
इसके बाद अपराधियों ने बैंक मैनेजर को हथियार दिखाकर लॉकर की चाबी मांगी। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने करीब 20 मिनट तक बैंक में लूटपाट की और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अपराधी बैंक से करीब 3 से 4 करोड़ रुपये के सोने के गहने और 10 से 12 लाख रुपये नकद लेकर फरार हुए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए इलाके में नाकेबंदी की गई है। पुलिस ने घटनास्थल से दो बाइक बरामद की हैं। साथ ही संदिग्धों से पूछताछ और छापेमारी की जा रही है।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि UCO बैंक राजधनवार थाना से महज 100 से 200 मीटर की दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद अपराधियों ने दिनदहाड़े इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और अपराधियों की तलाश जारी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

