पश्चिमी सिंहभूम (नोवामुंडी): झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी इलाके से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां बड़ा बालजोड़ी गांव के सिंदरी गुई टोला में एक मादा हाथी की कुएं में गिरने से मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार देर रात करीब 22 हाथियों का झुंड इलाके से गुजर रहा था। इसी दौरान एक मादा हाथी पुराने सिंचाई कुएं में जा गिरी। हाथी के कुएं में गिरने के बाद झुंड के अन्य हाथी रातभर चिंघाड़ते रहे। हाथियों की मौजूदगी के कारण ग्रामीण भी अपने घरों में रहने को मजबूर रहे।
बुधवार सुबह ग्रामीणों ने कुएं में हाथी का शव देखा और तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद दो JCB मशीनों की मदद से कई घंटों की मशक्कत के बाद हाथी के शव को कुएं से बाहर निकाला गया।
वहीं, हाथी के शव को दफनाने की जगह को लेकर ग्रामीणों और वन विभाग के बीच चर्चा और विवाद की स्थिति भी बनी। ग्रामीणों ने मांग की कि शव को बस्ती से दूर दफनाया जाए, ताकि हाथियों का झुंड दोबारा गांव की ओर न आए।
इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। साथ ही ग्रामीणों ने खुले और पुराने कुओं को सुरक्षित करने की जरूरत पर भी चिंता जताई है।

