जमशेदपुर में दुर्गापूजा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और ट्रैफिक व्यवस्था को देखते हुए शहर की प्रमुख सड़कों से अतिक्रमण हटाने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस और नगर निकाय की टीम मिलकर पूजा पंडालों तक जाने वाले रास्तों को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान चलाएगी। इसके लिए शहर की छह प्रमुख सड़कों को शुरुआती तौर पर चिन्हित किया गया है।
इनमें डिमना–मानगो रोड, कदमा का रंकिनी मंदिर–शीतला मंदिर रोड, करनडीह–चांदनी चौक रोड, कुआं मैदान–बिरसानगर–बारीडीह चौक रोड, सोनारी एयरपोर्ट–कागलनगर रोड और साकची का काशीडीह–भालूबासा रोड शामिल हैं।
प्रशासन का कहना है कि इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य दुर्गापूजा के दौरान ट्रैफिक जाम को कम करना और श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाना है। जरूरत के अनुसार अन्य प्रमुख पूजा पंडालों तक जाने वाले रास्तों को भी अभियान में शामिल किया जा सकता है।
दुर्गापूजा के दौरान शहर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु सड़कों पर निकलते हैं। ऐसे में प्रशासन की कोशिश है कि पूजा के दौरान लोगों को ट्रैफिक और अतिक्रमण के कारण परेशानी का सामना न करना पड़े।

