झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार दो युवकों की मौत हो गई। यह हादसा NH-220 पर रघुनाथपुर के पास हुआ। घटना के बाद मृतकों के गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, बीजाडीह गांव निवासी रौनक लुगुन उर्फ गोलू (17) और गुलशन सुंडी (18) सोहराय पर्व मनाने के लिए जामडीह गए थे। बुधवार रात करीब 11:30 बजे दोनों स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रघुनाथपुर के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना गंभीर था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरे युवक को गंभीर हालत में राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी को जब्त कर लिया। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है। मामले की जांच के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
दो युवकों की असामयिक मौत से बीजाडीह गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पर्व की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं।

