रांची के खेलगांव स्थित टिकैत उमराव सिंह शूटिंग रेंज का सोमवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अचानक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेंज की खराब रखरखाव व्यवस्था, पुराने उपकरण और खिलाड़ियों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। कई जगहों पर अव्यवस्था देखकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से नाराजगी जताई और जल्द सुधार के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने 10 मीटर, 25 मीटर और 50 मीटर शूटिंग रेंज का निरीक्षण करते हुए आधुनिक उपकरणों, सुरक्षा व्यवस्था, प्रशिक्षण सुविधाओं और सीसीटीवी सिस्टम की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और राज्य की खेल सुविधाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप विकसित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने खेल विभाग को निर्देश दिया कि शूटिंग रेंज के आधुनिकीकरण के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही अग्नि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, आधुनिक शूटिंग उपकरण उपलब्ध कराने और नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। यदि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलें तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम और ऊंचा कर सकते हैं। राज्य सरकार खेल अवसंरचना को मजबूत करने और खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

