जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित केनरा बैंक डकैती की जांच अब चतरा तक पहुंच गई है। पुलिस ने चतरा में चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनमें से दो संदिग्धों के बैंक डकैती के मुख्य आरोपियों से संपर्क में रहने की बात सामने आई है। पुलिस उनसे पूछताछ कर लूटकांड में उनकी संभावित भूमिका और अपराधियों से कनेक्शन की जांच कर रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक, हिरासत में लिए गए चारों लोग चतरा सदर थाना क्षेत्र के पास लगे डिजनीलैंड मेले में काम करते थे। पुलिस को इनके बारे में गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद कार्रवाई की गई।
गोलमुरी केनरा बैंक में 24 सितंबर को दिनदहाड़े डकैती हुई थी। पांच हथियारबंद अपराधियों ने बैंक कर्मचारियों और गार्ड को बंधक बनाकर बड़ी मात्रा में सोना और नकदी लूट ली थी। मामले की जांच के लिए पुलिस ने विशेष टीम गठित की है।

