चाईबासा (झारखंड): पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में पांच वर्षीय मासूम बच्ची का शव जंगल से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। बच्ची के लापता होने के बाद परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। शुक्रवार शाम सिलपीउटू जंगल से उसका शव बरामद किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, बच्ची इचाबांघ गांव की रहने वाली थी। वह मंगलवार से लापता थी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार को जंगल में शव मिलने की सूचना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मामले में पुलिस ने रमाई गागराई नामक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। बच्ची की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
इस घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

