झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षाओं से जुड़ी कथित गड़बड़ियों के खिलाफ आंदोलन करने वाले छात्रों पर दर्ज मुकदमों को लेकर सियासत तेज हो गई है। भाजपा ने छात्रों पर दर्ज FIR वापस लेने और भर्ती परीक्षाओं की CBI जांच कराने की मांग को लेकर राज्यव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने 4 सितंबर को रांची में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि सरकार को दिए गए 48 घंटे के अल्टीमेटम के बाद भी मुकदमे वापस नहीं लिए गए। इसके बाद भाजपा 8 से 11 सितंबर तक अलग-अलग जिलों में प्रदर्शन करेगी और DC-SP कार्यालयों का घेराव करेगी।
भाजपा के कार्यक्रम के अनुसार 8 सितंबर को रांची, गिरिडीह, दुमका, गढ़वा, हजारीबाग और जमशेदपुर में प्रदर्शन होगा। इसके बाद 9, 10 और 11 सितंबर को बाकी जिलों में चरणबद्ध तरीके से आंदोलन किया जाएगा।
भाजपा का आरोप है कि परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाने वाले करीब 1,000 छात्रों पर मामले दर्ज किए गए। पार्टी ने सरकार से छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और भर्ती परीक्षाओं की जांच कराने की मांग की है।

