जमशेदपुर में भाजपा महानगर ने मंगलवार को साकची स्थित उपायुक्त कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ता जिला कार्यालय से पैदल मार्च करते हुए डीसी ऑफिस पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
भाजपा नेताओं ने JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी की CBI जांच कराने की मांग की। साथ ही आंदोलन करने वाले छात्रों और युवाओं पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की भी मांग उठाई।
प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, पूर्व विधायक मेनका सरदार समेत पार्टी के कई नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शन के बाद भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने एडीसी को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम ज्ञापन सौंपा। भाजपा ने कहा कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा।

