दरभंगा जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र में बघौल-अटहर मुख्य सड़क पर परवाहा बांध के पास बुधवार देर रात करीब 2 बजे शराब से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद ट्रक का चालक और खलासी मौके से फरार हो गए।
सुबह स्थानीय लोगों को जब पता चला कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक में शराब की बोतलें लदी हैं, तो वहां बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई। देखते ही देखते लोगों में ट्रक से शराब की बोतलें निकालकर ले जाने की होड़ मच गई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस करीब सुबह 6:30 बजे घटनास्थल पर पहुंची और भीड़ को हटाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक तथा बची हुई शराब को कब्जे में ले लिया। ट्रक का नंबर HR 45C 8635 बताया गया है।
पुलिस अब ट्रक के मालिक, चालक और शराब की खेप से जुड़े लोगों का पता लगाने में जुटी है। बहेड़ी थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता के अनुसार, वायरल वीडियो और तस्वीरों के आधार पर शराब की बोतलें ले जाने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने लोगों से शराब की बोतलें वापस करने की अपील भी की है और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

