पटना। मोकामा के पास गंगा नदी पर बने राजेंद्र पुल के समानांतर नए रेल पुल को चालू करने के लिए रेलवे का नॉन-इंटरलॉकिंग (NI) कार्य चल रहा है। इसके कारण 28 सितंबर 2026 को कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है।
रेलवे की जानकारी के अनुसार, आज 35 ट्रेनें रद्द, 33 ट्रेनों को बदले मार्ग से चलाया गया, जबकि 9 ट्रेनों को शॉर्ट-टर्मिनेट या शॉर्ट-ओरिजिनेट किया गया है।
प्रभावित ट्रेनों में हावड़ा-मोकामा एक्सप्रेस, हावड़ा-जयनगर एक्सप्रेस, पटना-मालदा एक्सप्रेस, पटलीपुत्र-गोरखपुर एक्सप्रेस और भागलपुर-मुजफ्फरपुर जनसेवा एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें शामिल हैं। वहीं पूर्वा एक्सप्रेस, हावड़ा मेल और न्यू जलपाईगुड़ी-पटना वंदे भारत जैसी ट्रेनों के मार्ग में भी बदलाव किया गया है।
यह नया पुल मौजूदा राजेंद्र पुल के समानांतर बनाया गया है। 1.9 किलोमीटर लंबा राजेंद्र पुल मोकामा और बरौनी को गंगा के ऊपर जोड़ता है और 1959 से सेवा में है। नए डबल-लाइन पुल के चालू होने से इस रेल मार्ग की क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

