बिहार की राजधानी पटना के दानापुर से बुधवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। नासरीगंज की मिथिला कॉलोनी में बिहार पुलिस के एक सिपाही ने कथित तौर पर अपनी बहन को गोली मार दी। इसके बाद उसने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को भी गोली मार ली। घटना में भाई और बहन दोनों की मौत हो गई।
मृतक पुलिसकर्मी की पहचान ओम चंद्र के रूप में हुई है। वह बिहार पुलिस में सिपाही के पद पर कार्यरत थे और उनकी पोस्टिंग मोतिहारी में बताई गई है। मृतका की पहचान उनकी बहन पार्वती कुमारी के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 8 बजे दानापुर थाने को सूचना मिली कि दो लोगों को गोली लगी है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में सामने आया कि ओम चंद्र ने कथित तौर पर अपनी बहन पार्वती कुमारी को गोली मारी और इसके बाद खुद को भी गोली मार ली।
घटना के बाद पुलिस ने मौके से ओम चंद्र की सर्विस रिवॉल्वर बरामद की है। घटनास्थल से दो खाली खोखे भी मिले हैं। मामले की जांच के लिए FSL की टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस की शुरुआती जांच में घटना के पीछे पारिवारिक कारण होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, पुलिस ने अभी घटना की पूरी वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए दानापुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

