नालंदा, बिहार। बिहार के नालंदा जिले में शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान उत्पाद विभाग की टीम पर फायरिंग की गई। इस घटना में सिपाही अजीत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, पटना स्थित एक्साइज इंटेलिजेंस ब्यूरो (EIB) को सूचना मिली थी कि एक पिकअप वैन में शराब की बड़ी खेप नालंदा लाई जा रही है। इसके बाद पटना की विशेष टीम ने राजगीर उत्पाद विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर कार्रवाई शुरू की।
टीम पावापुरी-सिलाव हाईवे पर फ्लाईओवर के पास संदिग्ध पिकअप को रोकने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान कथित तौर पर तस्करों की मदद कर रहे एक लाइनर ने गोली चला दी, जो सिपाही अजीत कुमार को लगी। गोलीबारी के बाद आरोपी वाहन समेत फरार हो गए।
घायल सिपाही को पहले पावापुरी के अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें पटना रेफर किया गया, जहाँ इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद उत्पाद विभाग और स्थानीय पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
बिहार में शराबबंदी लागू होने के बावजूद शराब की तस्करी और कार्रवाई के दौरान सरकारी कर्मियों पर हमले की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

