बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया में अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस प्रशासन को चुनौती दी है। शहर के व्यस्त सुप्रिया सिनेमा रोड स्थित सेनको गोल्ड एंड डायमंड्स (Senco Gold & Diamonds) शोरूम में आठ हथियारबंद अपराधियों ने घुसकर करोड़ों रुपये के सोने और हीरे के गहने लूट लिए।
प्रारंभिक अनुमानों के अनुसार, लूटे गए गहनों की कीमत करीब 30 से 40 करोड़ रुपये बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक लूट की कुल कीमत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार 18 नवंबर को दोपहर करीब 12:20 बजे तीन मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आठ अपराधी शोरूम पहुंचे। सभी अपराधी हथियारों से लैस थे।
शोरूम में प्रवेश करने के बाद अपराधियों ने कर्मचारियों और वहां मौजूद ग्राहकों को बंदूक की नोक पर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद सभी के मोबाइल फोन छीन लिए गए और कुछ लोगों के हाथ बांधकर उन्हें एक जगह बैठा दिया गया।
अपराधियों ने शोरूम में रखे सोने, चांदी और हीरे के कीमती आभूषणों को अपने बैग में भर लिया। इसके अलावा काउंटर में रखी नकदी भी लूट ली।
वारदात के दौरान विरोध करने पर कुछ लोगों के साथ मारपीट किए जाने की भी खबर है। एक कर्मचारी को बंदूक के पिछले हिस्से से चोट लगने की सूचना सामने आई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, शोरूम से निकलते समय अपराधियों ने कर्मचारियों को धमकी देते हुए कहा कि यह सिर्फ ट्रेलर है, वे दोबारा लौटेंगे।
इस घटना की एक और चौंकाने वाली बात यह है कि जिस शोरूम में लूट हुई, वह बिहार की पूर्व उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता रेणु देवी के आवास के पास स्थित है।
व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े इतनी बड़ी वारदात होने के बाद शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही चंपारण रेंज के डीआईजी हर किशोर राय, बेतिया एसपी कुमार गौतम और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शोरूम के कर्मचारियों और घटना के समय मौजूद लोगों से पूछताछ की। साथ ही शोरूम और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अपराधियों की पहचान के लिए जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
शोरूम में रखे स्टॉक का मिलान किया जा रहा है, ताकि चोरी हुए सोने, चांदी और हीरे के आभूषणों की वास्तविक कीमत का पता लगाया जा सके।

