बिहार में लगातार बढ़ रहे नदी के जलस्तर ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। गंगा, कोसी, गंडक, पुनपुन, बागमती और बूढ़ी गंडक समेत कई नदियां उफान पर हैं। राज्य के 12 जिलों में करीब 22.42 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित बताए जा रहे हैं। कई गांवों और निचले इलाकों में पानी घुस गया है।
पटना में गंगा का जलस्तर बेहद ऊंचे स्तर पर पहुंच गया है। कई जगहों पर लोगों के घरों और सड़कों तक पानी पहुंचने से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। सारण और भागलपुर में तटबंधों को नुकसान पहुंचने की भी खबर है, जिसके बाद प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है।
बाढ़ प्रभावित लोगों तक खाना पहुंचाने के लिए 190 सामुदायिक रसोई चलाई जा रही हैं। राहत और बचाव के लिए NDRF की 10 और SDRF की 27 टीमें तैनात हैं। बड़ी संख्या में नावों के जरिए लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज वैशाली और भागलपुर में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए चल रही सामुदायिक रसोई और राहत कार्यों का जायजा लिया। प्रशासन को प्रभावित लोगों तक भोजन और जरूरी सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।

