भागलपुर: बिहार के भागलपुर जिले के कोयली खुथा गांव में शुक्रवार को बाढ़ के गहरे पानी में डूबने से पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब एक व्यक्ति/बच्चे को डूबने से बचाने की कोशिश में अन्य लोग भी पानी में उतर गए। देखते ही देखते पांचों गहरे पानी में डूब गए।
मृतकों की पहचान मंचोन देवी, सोनाक्षी कुमारी, प्रिंस कुमार, अभिषेक कुमार और अंशु प्रिया के रूप में हुई है। बताया गया है कि मृतकों में चार लोग एक ही परिवार के, जबकि एक व्यक्ति उनका पड़ोसी था।
स्थानीय लोगों ने सभी को पानी से बाहर निकालकर मायागंज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पांचों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
बाढ़ के कारण इलाके में पहले से ही पानी जमा है। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क के पास काफी गहरा पानी था और हादसे के दौरान किसी को तैरना नहीं आता था। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

