हाजीपुर: बिहार के हाजीपुर में शनिवार देर रात भाजपा नेता और भाजयुमो वैशाली जिला दक्षिणी के अध्यक्ष राजीव ब्रह्मर्षि के घर पर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना सदर थाना क्षेत्र के अदलपुर मोहल्ले की है।
जानकारी के मुताबिक, बाइक पर सवार दो बदमाश देर रात राजीव ब्रह्मर्षि के घर के पास पहुंचे और घर को निशाना बनाकर करीब 10 राउंड गोलियां चलाईं। फायरिंग के बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए।
गोलीबारी इतनी जबरदस्त थी कि घर के मुख्य गेट से लेकर बेडरूम की दीवार तक गोलियों के निशान मिले हैं। हालांकि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से 10 खाली कारतूस के खोखे बरामद किए हैं। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। मामले की जांच के लिए विशेष टीम के साथ डीआईयू को भी शामिल किया गया है। राजीव ब्रह्मर्षि के घर की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।
पुलिस फिलहाल पुरानी रंजिश, राजनीतिक विवाद और अन्य संभावित कारणों समेत कई एंगल से मामले की जांच कर रही है। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर भाजपा नेता के घर पर इतनी बड़ी संख्या में गोलियां क्यों चलाई गईं और इसके पीछे कौन लोग हैं। पुलिस CCTV और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

