गया, बिहार। विश्व प्रसिद्ध 15 दिवसीय पितृपक्ष मेले में देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। सोमवार को गया में एक दिन में 3 लाख 95 हजार तीर्थयात्रियों के पहुंचने का रिकॉर्ड दर्ज किया गया। श्रद्धालु विष्णुपद मंदिर और फल्गु नदी के तट पर अपने पूर्वजों के लिए पिंडदान, श्राद्ध और तर्पण कर रहे हैं।
गया के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर के अनुसार, मेले के दौरान सोमवार को 9,768 तीर्थयात्रियों ने मेडिकल सुविधाओं का लाभ लिया, जबकि 70 बुजुर्ग श्रद्धालुओं ने व्हीलचेयर की सुविधा ली। इसी दिन मेला क्षेत्र से लापता हुए 87 लोगों को खोया-पाया केंद्र के माध्यम से उनके परिवारों से मिलाया गया।
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष व्यवस्था की है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मुफ्त भोजन, जनता रसोई और 150 निःशुल्क ई-रिक्शा की व्यवस्था भी की गई है।
प्रशासन के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक गया पहुंचने वाले तीर्थयात्रियों की कुल संख्या 4 लाख 60 हजार 200 दर्ज की गई है।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, पितृपक्ष में गया में पिंडदान करने से पूर्वजों की आत्मा की शांति और मोक्ष की कामना की जाती है। इसी आस्था के चलते हर साल देश-विदेश से बड़ी संख्या में लोग गया पहुंचते हैं।

