पटना: बिहार में बाढ़ से प्रभावित परिवारों के लिए राज्य सरकार ने बड़ी राहत का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार, 15 सितंबर को बाढ़ प्रभावित 8 लाख 27 हजार 472 परिवारों के बैंक खातों में 7 हजार रुपये की सहायता राशि DBT के माध्यम से भेजी।
सरकार की ओर से राहत के लिए कुल 579 करोड़ 23 लाख रुपये जारी किए गए हैं। यह राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में भेजी जा रही है, ताकि प्रभावित परिवारों को तत्काल आर्थिक मदद मिल सके।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, बिहार के 15 जिलों में बाढ़ का असर पड़ा है। करीब 49 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित बताए जा रहे हैं। पटना, भोजपुर, सारण, वैशाली, भागलपुर, बेगूसराय, बक्सर, समस्तीपुर, मुंगेर, कटिहार, लखीसराय, खगड़िया, पूर्णिया, मधेपुरा और अरवल जिले प्रभावित क्षेत्रों में शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि बाढ़ से प्रभावित जिन परिवारों का नाम राहत सूची में शामिल नहीं हो पाया है, उनकी पहचान कर एक सप्ताह के भीतर सूची तैयार की जाए। इसके बाद पात्र परिवारों को भी सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
वहीं, बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए केंद्र की टीम भी बिहार पहुंचेगी। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में केंद्रीय टीम 16 सितंबर को प्रभावित इलाकों का दौरा कर सकती है। जिलाधिकारियों से बाढ़ से हुए नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया है।
सरकार का कहना है कि बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत और सहायता तेजी से पहुंचाई जा रही है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जिन लोगों के खाते में अभी तक राशि नहीं पहुंची है, उन्हें यह मदद कब तक मिलेगी।

